cc 73

श्री श्री चैतन्य चरितावली 
73-

इसलिये स्वामीपने के भाव को प्रदर्शित करने के निमित्त वे भक्त तथा ब्राह्मणों के स्वयं दास होना स्वीकार करते हैं और उनके पदरज को अपने मस्तक पर चढ़ाने के निमित्त सदा उनके पीछे-पीछे घूमा करते हैं।
महाप्रभु अब भावावेश में आकर भक्तों के भावों को प्रकट करने लगे। भक्तों को सम्पूर्ण लोगों के प्रति और भगवत-भक्तों के प्रति किस प्रकार के आचरण करने चाहिये, उनमें भागवत पुरुषों के प्रति कितनी दीनता, कैसी नम्रता होनी चाहिये, इसकी शिक्षा देने के निमित्त वे स्वयं आचरण करके लोगों को दिखाने लगे। क्योंकि वे तो भक्ति-भाव के प्रदर्शक भक्तशिरोमणि ही ठहरे। उनके सभी कार्य लोकमर्यादा-स्थापन के निमित्त होते थे। उन्होंने मर्यादा का उल्लंघन कहीं भी नहीं किया। यही तो प्रभु के जीवन में एक भारी विशेषता है। अध्यापकी का अन्त हो गया, ब्राह्यशास्त्र पढ़ना तथा पढ़ाना दोनों ही छूट गये, अब न वह पला-सा चांचल्य है और न शास्त्रार्थ तथा वाद-विवाद की उन्मादकारी धुन। अब तो इन पर दूसरी ही धुन सवार हुई है, जिस धुन में ये सभी संसारी कामों को ही नहीं भूल गये हैं, किंतु अपने-आपको भी विस्मृत कर बैठे हैं। इनके भाव अलौकिक हैं, इनकी बातें गूढ़ हैं। इनके चरित्र रहस्यमय हैं, भला सर्वदा स्वार्थ में ही सने रहने वाले संसारी मनुष्य इनके भावों को समझ ही कैसे सकते हैं। अब ये नित्यप्रति प्रातःकाल गंगा-स्नान के निमित्त जाने लगे। रास्ते में जो भी ब्राह्मण, वैष्णव तथा वयोवृद्ध पुरुष मिलता उसे ही नम्रतापूर्वक प्रणाम करते और उसका आशीर्वाद ग्रहण करते।गंगाजी पर पहुँचकर ये प्रत्येक वैष्णव की पदधूलि को अपने मस्तक पर चढ़ाते। उनकी वन्दना करते और भावावेश में आकर कभी-कभी प्रदक्षिणा भी करने लगते। भक्तगण इन्हें भाँति-भाँति के आशीर्वाद देते। कोई कहता- ‘भगवान करे आपको भगवान की अनन्य भक्ति की प्राप्ति हो।’ कोई कहता- ‘आप प्रभु के परम प्रिय बनें।’ कोई कहता- ‘श्रीकृष्ण तुम्हारी सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करें।’ सबके आशीर्वादों को सुनकर प्रभु उनके चरणों में लोट जाते और फूट-फूटकर रोने लगते। रोते-रोते कहते- ‘आप सभी वैष्णवों के आशीर्वाद का ही सहारा है, मुझ दीन-हीन कंगाल पर आप सभी लोग कृपा कीजिये। भागवत पुरुष बड़े ही कोमल स्वभाव के होते हैं, उनका हृदय करुणा से सदा भरा हुआ होता है, वे पर-पीड़ा को देखकर सदा दुःखी हुआ करते हैं। मुझ दुखिया के दुःख को भी दूर करो? मुझे श्रीकृष्ण से मिला दो, मेरी मनोकामना पूर्ण कर दो, मेरे सत्संकल्प को सफल बना दो। यही मेरी आप सभी वैष्णवों के चरणों में विनीत प्रार्थना है।

घाट पर बैठे हुए वैष्णवों की, प्रभु जो भी मिल जाती वही सेवा कर देते। किसी का चन्दन ही घिस देते, किसी की गीली धोती को ही धो देते। किसी के जल के घड़े को भरकर उसके घर तक पहुँचा आते। किसी के सिर में आँवला तथा तैल ही मलने लगते। भक्तों की सेवा-शुश्रूषा करने में ये सबसे अधिक सुख का अनुभव करते। वृद्ध वैष्णव इन्हें भाँति-भाँति के उपदेश करते। कोई कहता ‘निरन्तर श्रीकृष्ण-कीर्तन करते रहना ही एकमात्र सार है। तुम्हें श्रीकृष्ण ही कहना चाहिये, श्रीकृष्ण के मनोहर नामों का ही स्मरण करते रहना चाहिये। श्रीकृष्ण-कथाओं के अतिरिक्त अन्य कोई भी संसारी बातें न सुननी चाहिये। सम्पूर्ण जीवन श्रीकृष्णमय ही हो जाना चाहिये। खाते कृष्ण, पीते कृष्ण, चलते कृष्ण, उठते कृष्ण, बैठते कृष्ण, हँसते कृष्ण, रोते कृष्ण, इस प्रकार सदा कृष्ण-कृष्ण ही कहते रहना चाहिये। श्रीकृष्णनामामृत के अतिरिक्त इन्द्रियों को किसी प्रकार के दूसरे आहार की आवश्यकता ही नहीं है। इसी का पान करते-करते वे सदा अतृप्त ही बनी रहेंगी।’
वृद्ध वैष्णवों के सदुपदेशों को ये श्रद्धा के साथ श्रवण करते, उनकी वन्दना करते और उनकी पद-धूलि को मस्तक पर चढ़ाते तथा अंजन बनाकर आँखों में आँजने लगते। इनकी ऐसी भक्ति देखकर वैष्णव कहने लगते- ‘कौन कहता है, निमाई पण्डित पागल हो गया है, ये तो श्रीकृष्ण-प्रेम में मतवाले बने हुए हैं। इन्हें तो प्रेमोन्माद है। अहा! धन्य है इनकी जननी को जिनकी कोख से ऐसा सुपुत्र उत्पन्न हुआ।’ वैष्णवगण इस प्रकार इनकी परस्पर में प्रशंसा करने लगते।

कृपा की प्रथम किरण....

अहा- ‘श्यामं हिरण्यपरिधिम्’ कैसे-कैसे, हाँ-हाँ फिर से सुनाइये।’ आचार्य उसी लहजे के साथ फिर श्लोक पढ़ने लगे-

 
श्यामं हिरण्यपरिधिं वनमाल्यबर्ह-
धातुप्रवालनटवेषमनुव्रतांसे।
विन्यस्तहस्तमितरेण धुनानमब्जं
कर्णोत्पलालककपोलमुखाब्जहासम्।।

दूसरी बार श्लोक का सुनना था कि महाप्रभु जोरों से फूट-फूटकर रोने लगे। इनके रुदन को सुनकर आस-पास के बहुत-से आदमी वहाँ जुट आये। सभी प्रभु की ऐसी दशा देखकर चकित हो गये। आज तक किसी ने भी ऐसा प्रेम का आवेग किसी भी पुरुष में नहीं देखा था। प्रभु के कमल के समान दोनों नेत्रों की कोरों से श्रावण-भादों की वर्षा की भाँति शीतल अश्रुकण गिर रहे थे। वे प्रेम में विह्वल होकर कह रहे थे- ‘प्यारे कृष्ण! कहाँ हो? क्यों नहीं मुझे हृदय से चिपटा लेते। अहा, वे ब्राह्मण-पत्नियाँ धन्य हैं, जिन्हें नटनागर के ऐसे अद्भुत दर्शन हुए थे।’ यह कहते-कहते प्रभु ने प्रेमावेश में आकर रत्नगर्भ को जोरों से आलिंगन किया। प्रभु के आलिंगनमात्र से ही रत्नगर्भ उन्मत्त हो गये।

अब तक तो एक ही पागल को देखकर लोग आश्चर्यचकित हो रहे थे, अब तो एक ही जगह दो पागल हो गये। रत्नगर्भ कभी तो जोरों से हँसते, कभी रुदन करते और कभी प्रभु के पादपद्मों में पड़कर प्रेम की भिक्षा माँगते। कभी रोते-रोते फिर उसी श्लोक को पढ़ने लगते। रत्नगर्भ ज्यों-ज्यों श्लोक पढ़ते, प्रभु की वेदना त्यों-ही-त्यों अत्यधिक बढ़ती जाती। वे श्लोक के श्रवणमात्र से ही बार-बार मूर्च्छित होकर गिर पड़ते थे। रत्नगर्भ को कुछ भी होश नहीं था। वे बेसुध होकर श्लोक का पाठ करते और बीच-बीच में जोरों से रुदन भी करने लगते। जैसे-तैसे गदाधर पण्डित ने पकड़कर रत्नगर्भ को श्लोक पढ़ने से शान्त किया, तब कहीं जाकर प्रभु को कुछ-कुछ बाह्यज्ञान हुआ। कुछ होश होने पर सभी मिलकर गंगा-स्नान करने गये और फिर सभी प्रेम में छके हुए-से अपने-अपने घरों को चले गये। इस प्रकार प्रभु की सर्वप्रथम कृपा-किरण के अधिकारी रत्नगर्भाचार्य ही हुए। उन्हें ही सर्वप्रथम प्रभु की असीम अनुकम्पा का आदि अधिकारी समझना चाहिये।
क्रमशः

Comments

Popular posts from this blog

cc 201

362

cc 90