tc 226
श्री श्री चैतन्य चरितावली
226-
जिससे संसार सागर से मैं भी पति के चरणों का अनुगमन कर सकूँ।’
महाप्रभु की आज्ञा से तीर्थराम ने अपनी पत्नी को हरि-नाम मन्त्र का उपदेश दिया। वह भी अपना सारा धन कंगालों को बांटकर तीर्थराम के साथ हरिनाम संकीर्तन करने लगी।
महाप्रभु सात दिन तक बटेश्वर में ठहरे। वहाँ रहकर वे धनीराम को उपदेश देते थे। प्रभु ने उससे कहा- ‘बहुत ग्रन्थों के मायाजाल में मत पड़ना। भगवान केवल विश्वास से ही प्राप्त हो सकते हैं। सम्पूर्ण जगत के वैभव को तृण-समान समझना और निरन्तर भगवन्नाम संकीर्तन में लगे रहना यही वेद शास्त्रों का सार है।’ इस प्रकार तीर्थराम और उन दो सुन्दरी वेश्याओं को प्रेम दान करके महाप्रभु श्रीरंगम में चले गये थे और श्रीरंग में ही चातुर्मास्य किया। जब वर्षा समाप्त हो गयी, तब प्रभु ने श्रीरंगम से आगे चलने का विचार किया।
दक्षिण के तीर्थों का भ्रमण…..
साधारण मनष्य जिन कामों को करते हैं, उन्हीं को महापुरुष भी किया करते हैं। किन्तु साधारण लोगों के कार्य अपने सुख के लिये होते हैं और महापुरुषों के काम समस्त जीवों के कल्याण के निमित्त होते हैं। महात्मा तो स्वयं तीर्थस्वरूप हैं, उन्हें तीर्थ यात्रा की आवश्यकता ही क्या? उन्हें न तो स्वर्ग की ही इच्छा है और न पवित्र होने की। करोड़ों स्वर्ग उनके संकल्प से उत्पन्न हो सकते हैं और जगत की पवित्र करने की शक्ति उनमें स्वयं ही मौजूद है। ऐसी स्थिति में उनका तीर्थ भ्रमण केवल मात्र परोपकार और जीवों के उद्धार के ही निमित्त होता है, इसीलिये महाप्रभु श्रीनीलाचल को छोड़कर सुदूर दक्षिणप्रान्त के तीर्थों में भ्रमण करते रहे। वे जहाँ भी पधारे, वही तीर्थ धन्य हो गये और वहाँ के नर नारी कृतकृत्य हो गये।
चातुर्मास्य बिताकर महाप्रभु वेंकट भट्ट से विदा लेकर श्रीरंगम होते हुए ॠषभ पर्वत पर गये। वहाँ पर उन्होंने सुना कि स्वामी परमानन्दपुरी महाराज यहीं ठहरे हुए हैं।
इस संवाद को सुनकर प्रभु पुरी महाराज के दर्शनों के लिये उनके निवास स्थान पर गये और वहाँ जाकर उनकी चरण वन्दना की। पुरी महाराज ने प्रभु को प्रेमपूर्वक आलिंगन किया और तीन दिन तक दोनों साथ ही रहकर कृष्ण-कथा, कृष्ण कीर्तन करते रहे। पुरीमहाराज ने कहा- ‘मेरी इच्छा है कि मैं श्रीपुरुषोत्तम भगवान के दर्शन करके गंगा स्नान के निमित्त नवद्वीप जाऊँ।’
महाप्रभु जी ने कहा- ‘आप तब तक चलें, नवद्वीप से लौटकर आप फिर पुरी ही आवें। मैं भी सेतुबन्ध रामेश्वर के दर्शन करता हुआ शीघ्र ही पुरी आने का विचार कर रहा हूँ, यदि भगवत कृपा हुई तो हम दोनों साथ ही साथ नीलाचल में रहेंगे।’ यह कहकर प्रभु तो सेतुबन्ध रामेश्वर की ओर चले और पुरीमहाराज ने जगन्नाथपुरी का रास्ता पकड़ा।
महाप्रभु ने अनेक वन, पर्वत और ग्रामों में होते हुए शैलपर्वत पर पहुँचे। वहाँ ब्राह्मण-ब्राह्मणी का वेष धारण किये हुए शिव पार्वती का प्रभु ने आतिथ्य ग्रहण किया, वहाँ से कामकोष्ठीपुरी होते हुए वे दक्षिण मथुरा पहुँचे।
वहाँ पर एक ब्राह्मण ने प्रभु को निमन्त्रित किया। वह ब्राह्मण प्रतिक्षण रोता रोता ‘सीताराम, सीताराम’ रटता रहता था। प्रभु ने उसका निमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया। और मध्याह्न-स्नान करके उसके घर भिक्षा करने पहुँचे। महाप्रभु ने जाकर देखा, उसने कुछ भी भोजन नहीं बनाया है। उदासभाव से चुपचाप बैठा है।
महाप्रभु ने हँसकर कहा- ‘विप्रवर ! आपने अभी तक भोजन क्यों नहीं बनाया है?’
अत्यन्त ही सरलता के साथ ब्राह्मण ने कहा- ‘प्रभो ! यहाँ अयोध्यापुरी की तरह वैभव थोड़ा ही है, जो दास दासी सब काम क्षणभर में कर दें। यहाँ तो अरण्यवास है, लक्ष्मण जी जंगलों से फल-फूलों लावेंगे, तब कहीं सीतामाता रन्धन करेंगी, तब मेरे सरकार प्रसाद पावेंगे।’
महाप्रभु उस भक्त ब्राह्मण के ऐसे विशुद्ध भाव को देखकर अत्यन्त ही प्रसन्न हुए और उसकी भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए प्रेम में उन्मत्त होकर नृत्य करने लगे। अब वह ब्राह्मण उठा और अस्त-व्यस्त भाव से भोजन बनाने लगा। तीसरे पहर जाकर कहीं भोजन बना। उसने बड़ी श्रद्धा-भक्ति के सहित प्रभु को भिक्षा करायी। प्रभु को भिक्षा कराकर वह निराहार ही बना रहा। उसने कुछ भी प्रसाद नहीं पाया। तब प्रभु ने पूछा- ‘विप्रवर ! आपने प्रसाद नहीं पाया, यह क्या बात है? आप इतने दुखी क्यों है? अपने दुख का मुझे ठीक ठीक कारण बताइये ?’ उस ब्राह्मण ने रोते रोते कहा- ‘प्रभो ! जगज्जननी सीतामाता को दुष्ट रावण अपने पापी हाथों से पकड़ ले गया। उस दुष्ट राक्षस ने माता का स्पर्श किया, इससे बढ़कर मेरे लिये और दु:ख हो ही क्या सकता है, मैं अब जीवन धारण न करूँगा। जब मुझे यह बात स्मरण होती है तभी मेरा कलेजा फटने लगता है।’
महाप्रभु उसके ऐसे दृढ़ अनुराग को देखकर मुग्ध हो गये। ओहो ! कितना ऊंचा भाव है, इसे महापुरुष के सिवा कोई समझ ही क्या सकते हैं? प्रभु ने उसे धैर्य बंधाते हुए कहा- ‘विप्रवर ! आप इनते भारी विद्वान होकर भी ऐसी भूली-भूली बातें करते हैं। भला जगज्जननी सीता माता को चुरा ले जाने की शक्ति किसी में हो ही कैसे सकती?’ यह तो भगवान की एक लीला थी। आप भोजन करें और इस बात को मन में से निकाल दें। महाप्रभु के आग्रह से उसने थोड़ा बहुत प्रसाद पा लिया, किन्तु उसे पूर्ण सन्तोष नहीं हुआ।
श्रीमद्वाल्मीकीय रामायण में तो स्पष्ट सीतामाता का हरण लिखा हुआ है। इसीलिये वह ब्राह्मण चिन्तित ही बना रहा। महाप्रभु भी दूसरे दिन आगे को चल दिये। दक्षिण मथुरा से चलकर महाप्रभु ने कृतमाला तीर्थ में स्नान किया और महेन्द्र पर्वत पर जाकर परशुराम भगवान के दर्शन किये। वहाँ से सेतुबन्ध रामेश्वर के दर्शन करते हुए वे धनुस्तीर्थ में पहुँचे और उस तीर्थ में स्नान करके श्रीरामेश्वर में पहुँचे। वहाँ शिव जी के दर्शन करके प्रभु लौट ही रहे थे कि कुछ ब्राह्मणों को वहाँ बैठे हुए देखा। वहाँ पर कूर्मपुराण की कथा हो रही थी। प्रभु भी कथा सुनने के लिये बैठ गये। दैवयोग से उस समय सीता जी के हरण का प्रसंग हो रहा था। प्रभु ने कूर्मपुराण में सुना- ‘जिस समय जनकनन्दिनी सीता जी ने दशग्रीव रावण को देखा तब उन्होंने अग्नि की आराधना की। उसी समय अग्नि ने सीता को अपने पुर में रख लिया और उसकी छाया को बाहर रहने दिया। राक्षसराज रावण सीता जी की उस छाया को ही हरकर ले गया था।
क्रमशः
Comments
Post a Comment